कानपुर। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व की सुरक्षा व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण को लेकर मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने अपराध गोष्ठी आयोजित की। गुरुदेव चौराहा स्थित पश्चिम जोन कार्यालय में हुई बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर और पश्चिम जोन के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी में पूर्व में हुई आपराधिक घटनाओं, उनके अनावरण की स्थिति और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वांछित अभियुक्तों, वारंट एवं गैर-जमानती वारंट की तामीली तथा वर्तमान अपराध प्रवृत्तियों पर चर्चा हुई। डीसीपी पश्चिम ने थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला अपराध, साइबर और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा के दौरान वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और वारंट की तामीली में तेजी लाने को कहा गया। महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों, साइबर अपराध और संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
डीसीपी पश्चिम ने जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रतिमा स्थापना और विसर्जन मार्गों की सुरक्षा की समीक्षा
आगामी नवदुर्गा और दशहरा पर्व के मद्देनजर दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थलों, विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पर्वों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीसीपी पश्चिम ने प्रतिमा स्थलों और विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था, आयोजकों से समन्वय तथा प्रभावी गश्त और चेकिंग के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित करने और पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।