सीतापुर। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक 45 वर्षीय महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। महिला के पति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
जानकारी के अनुसार, बेलहरी निवासी कृपाशंकर पुत्र स्वर्गीय राम मनोहर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पत्नी सुहेली (45) कमरे में छत के कुंडे से कपड़े के फंदे के सहारे लटकी मिलीं।
परिजनों की नजर कमरे में गई तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
ग्रामीणों के पहुंचने के दौरान टूटा फंदा
बताया गया कि ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के दौरान फंदा बीच से टूट गया और महिला का शव नीचे गिर गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर नैमिषारण्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।