झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव के पास सुखनई नदी में श्राद्ध कर्म के बाद तिलांजलि देने और स्नान करने पहुंचे एक ही परिवार व रिश्तेदारी से जुड़े पांच लोग गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्नान के दौरान एक युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक अन्य लोग भी पानी में उतरे और पांचों डूब गए। एक साथ पांच मौतों से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।
ताऊ के श्राद्ध के बाद तिलांजलि देने पहुंचे थे नदी
देवरी सिंहपुरा निवासी विजय तिवारी के मुताबिक 28 सितंबर को अनूप तिवारी के ताऊ का श्राद्ध कार्यक्रम था। इसके बाद मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य सुखनई नदी के चेक डैम के पास तिलांजलि देने और स्नान करने पहुंचे थे।
नदी पर गए लोगों में अनूप तिवारी (45), श्रेयांश (21), अभिनय तिवारी (26), अर्पित (12) और पुष्कर शुक्ला (23) शामिल थे। पुष्कर जालौन क्षेत्र के हरदोई का रहने वाला रिश्तेदार बताया गया है।
अभिनय का पैर फिसला, बचाने के प्रयास में एक-एक कर डूबे पांचों
बताया जा रहा है कि नदी में स्नान करते समय अभिनय तिवारी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर साथ मौजूद परिजनों ने बचाने का प्रयास किया।
इसी दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पांचों लोग गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।
प्रारंभिक जानकारी में चेक डैम के आसपास मौजूद पत्थर की चट्टानों से टकराकर कुछ लोगों को चोट लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि हादसे की पूरी परिस्थितियां पुलिस-प्रशासन की जांच के बाद स्पष्ट होंगी।
गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पांच लोगों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार भारती, पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से सुखनई नदी में खोज अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर पांचों लोगों को पानी से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में पांचों को किया गया मृत घोषित
नदी से निकालने के बाद पांचों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि कुछ मृतकों के सिर, पैर और चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं।
एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े पांच लोगों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
एक को बचाने की कोशिश में पांच जिंदगियां खत्म
प्रारंभिक घटनाक्रम के अनुसार हादसे की शुरुआत एक युवक के गहरे पानी में चले जाने से हुई और उसे बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी डूबते चले गए। प्रशासन घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहा है।