गढ़मुक्तेश्वर के पावटी गांव में पुलिस की कार्रवाई, जीवित प्रतिबंधित पशु, 3 अवैध असलहे, कार-बाइक और कटान उपकरण बरामद
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस और कथित गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में तीन आरोपी घायल हो गए, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी ग्राम पावटी स्थित आम के बाग में गोकशी करने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों की ओर से कथित तौर पर फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में नईम पुत्र मोबीन, निवासी आवास विकास कॉलोनी, बुलंदशहर रोड, हापुड़ नगर; जमील पुत्र अलीहसन, निवासी मकबरा डिग्गी बजरिया के सामने वाली गली, थाना देहली गेट, मेरठ और बिलाल पुत्र वरीश, निवासी जाकिर कॉलोनी, मसूरी, गाजियाबाद घायल हुए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने मोहम्मद परवेज पुत्र रफीकुद्दीन, निवासी लखीपुरा, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ; सोनू पुत्र सतवीर, निवासी अठसैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और आहत पुत्र वरीश, निवासी जाकिर कॉलोनी, मसूरी, गाजियाबाद को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है।
जीवित पशु, तीन असलहे और वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन अवैध असलहे, जिंदा व खोखा कारतूस, एक होंडा सिटी कार, एक मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद कार और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कथित रूप से घटना में किया जा रहा था।
आरोपियों पर करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज होने का दावा
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला गया है। पुलिस का दावा है कि इनके खिलाफ अलग-अलग जनपदों में गोकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न अपराधों से संबंधित करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।