अधिकारियों और सेक्टर वार्डनों के साथ की बैठक, आपात स्थिति में बेहतर समन्वय और नियमित प्रशिक्षण को बताया जरूरी
हापुड़। सिविल डिफेंस हापुड़ के नवनियुक्त उप नियंत्रक सतीश ने सिविल डिफेंस के अधिकारियों, सेक्टर वार्डनों और सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उप नियंत्रक सतीश ने सदस्यों से सिविल डिफेंस के नियमों का पालन करने और नियमित प्रशिक्षण में भाग लेने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सिविल डिफेंस के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
आपात स्थिति में तत्काल सक्रिय हों सदस्य
उप नियंत्रक ने कहा कि कॉलिंग अथवा किसी आपातकालीन परिस्थिति की सूचना मिलने पर सभी सदस्य तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आमजन की सहायता करें।
उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए अनुशासन, प्रशिक्षण और सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल को महत्वपूर्ण बताया।
चीफ वार्डन ने किया नवनियुक्त उप नियंत्रक का स्वागत
बैठक के दौरान चीफ वार्डन डॉ. विपिन गुप्ता ने नवनियुक्त उप नियंत्रक सतीश का स्वागत किया। वहीं डिप्टी चीफ वार्डन मोहित ने विभिन्न सेक्टर वार्डनों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में नितिन गोयल, मोहित गोयल, नवराज सिंह, डॉ. जीत सिंह, मानसी, जगवीर सिंह, आकाश सिंह, मनवीर सिंह, कपिल सिंह, विजय, अक्षय, करण गौतम, ललित कुमार, गौतम, पुनीत कुमार, कैलाश चंद, डॉ. तेज सिंह, प्रो. जगदीश सिंह, प्रदीप कुमार, शाहिद अली, राजेंद्र सिंह और सुमित त्यागी सहित सिविल डिफेंस के अन्य सदस्य एवं सेक्टर वार्डन मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सदस्यों ने सिविल डिफेंस से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा, तत्परता और अनुशासन के साथ निभाने का संकल्प लिया।