हापुड़/पिलखुवा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को हापुड़ जनपद के पिलखुवा पहुंचे। उन्होंने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्वर्गीय लज्जा रानी गर्ग के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
डिप्टी सीएम ने दिवंगत नेत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पहले शुक्रवार को प्रस्तावित था दौरा
उपमुख्यमंत्री का पिलखुवा दौरा पहले शुक्रवार को प्रस्तावित था, लेकिन वह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। इसके बाद शनिवार को वह पिलखुवा पहुंचे और लज्जा रानी गर्ग के परिजनों से मुलाकात की।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
डिप्टी सीएम के आगमन को देखते हुए पिलखुवा में पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। रामलीला मैदान स्थित हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी रहे मौजूद
उपमुख्यमंत्री के पिलखुवा पहुंचने के दौरान स्थानीय भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लज्जा रानी गर्ग भाजपा की वरिष्ठ नेत्री थीं और पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुकी थीं।