Published By: Manish Kumar
हापुड़। जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय, नवीन मंडी हापुड़ पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तत्वावधान में चल रहा किसानों का धरना 12वें दिन भी जारी रहा। धरने को राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई हापुड़ के पदाधिकारियों ने अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान किसानों ने अपने फार्म भरकर जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय में जमा कराए और अपने हक की लड़ाई के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।
1996-97 से 2025-26 तक के ब्याज का हिसाब देने की मांग
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष अशोक डींगरा ने कहा कि यदि गन्ना विभाग और सरकार किसानों को इसी प्रकार परेशान करते रहे तो किसान गन्ने की फसल से विमुख होकर दूसरी फसलों की ओर रुख करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने किसानों के पिछले 30 वर्षों यानी 1996-97 से 2025-26 तक के कथित बकाया ब्याज का हिसाब समय रहते दिए जाने की मांग की। धरने पर मौजूद किसानों ने भी अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
15 प्रतिशत ब्याज का हिसाब नहीं मिला तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि किसानों को 15 प्रतिशत ब्याज की दर से पिछले 30 वर्षों का हिसाब नहीं दिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में किसान जिला गन्ना अधिकारी (DCO) कार्यालय का घेराव कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरने में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान रहे मौजूद
धरने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव चौधरी वीरपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष वीरेश चौधरी, वरिष्ठ जिला संरक्षक निरंजन शास्त्री, जिला प्रचार मंत्री सतीश डींगरा, अनार सिंह, सतपाल डींगरा, जसवीर सिंह, नेत्रपाल सिंह, जगत सिंह, शोभाराम सिंह, गुरमुख सिंह, गंगावीर सिंह और मजहर अली सहित कई लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था की ओर से जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी, जिला सचिव मुकेश प्रजापति, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, नगर उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, प्रशासनिक सदस्य सीताराम जाटव और दीपांशु सहित अन्य पदाधिकारी धरने में शामिल हुए।