फतेहपुर के सुजानपुर स्थित कार्यालय में सोमवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने दिल्ली में महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, मौलिक अधिकारों के हनन और वोट चोरी के आरोपों को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने लाठियां जमीन पर पटककर आक्रोश व्यक्त किया। उनके हाथों में महिला सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से संबंधित तख्तियां थीं। संगठन की पदाधिकारियों ने महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार तथा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार की रक्षा की मांग उठाई।
हेमलता पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शनकारी महिलाओं को सड़कों पर घसीटा गया और उनके साथ मारपीट की गई। पटेल ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पाबंदियां लगाने तथा आवाज उठाने वालों को हिरासत में लेने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इन कथित घटनाओं को मौलिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर वोट चोरी के आरोपों से घिरे लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
हेमलता पटेल ने चेतावनी दी कि महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं बंद नहीं हुईं और संगठन की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष सरला सिंह, रेखा रानी, विमला, शहरून, सुमन, आरती, सरिता, निर्मला, रंजना, राजरानी और प्रियंका सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर की पदाधिकारी मौजूद रहीं।