आगरा/फतेहपुर सीकरी। वैश्य समाज को लेकर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। फतेहपुर सीकरी में समाज के लोगों ने बैठक कर घटना पर कड़ा रोष जताया। बैठक में चौकी इंचार्ज वरुण पंवार और सिपाही हेमंत कुमार को लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए दोनों के निलंबन की मांग उठाई गई। समाज के पदाधिकारियों ने इस मांग को लेकर जल्द पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करने का फैसला किया है।
जय श्रीराम मंदिर परिसर में हुई बैठक
मामले को लेकर बृहस्पतिवार को जय श्रीराम मंदिर परिसर में वैश्य समाज के लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कथित गाली-गलौज और अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर नाराजगी जाहिर की गई।
समाज के लोगों का कहना था कि संबंधित पुलिसकर्मियों को केवल लाइन हाजिर किया जाना पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। उन्होंने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग की।
'समाज के मान-सम्मान से नहीं होगा कोई समझौता'
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने कहा कि समाज के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक, केवल लाइन हाजिर की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि निलंबन की मांग को लेकर जल्द पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर समाज का पक्ष रखा जाएगा।
सेवा समिति दूरा के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने कहा कि पद और कुर्सी से बड़ा समाज का मान-सम्मान है।
समाज की एकजुटता को बताया संघर्ष की ताकत
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के ब्रज प्रदेश अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि जिस एकजुटता के साथ समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया, वह समाज की एकता और संघर्ष की भावना को दर्शाता है।
वहीं ब्रज प्रदेश उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने युवाओं से समाज के सम्मान की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
आगरा अध्यक्ष राजकुमार गर्ग ने कहा कि वैश्य समाज के साथ होने वाले अन्याय को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करने की तैयारी
बैठक में मुरारीलाल गोयल, अंजुल गोयल, नेमीचंद गर्ग, विनोद सांवरिया, त्रिलोकचंद मित्तल, राजू प्रधान, मदन गोपाल गर्ग, अनुज मित्तल और हनी गोयल समेत समाज के कई लोग मौजूद रहे।
इससे पहले रात में थाने पर हुए विरोध की सूचना पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू चाहर, वैश्य महासभा अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल और जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने भी पुलिस उपायुक्त के समक्ष संबंधित पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग रखी थी।
मामले को लेकर अब समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी मांग रखने की बात कही है।
नोट: पुलिसकर्मियों पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज से संबंधित बातें वैश्य समाज के पदाधिकारियों एवं लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित हैं। संबंधित पुलिस अधिकारियों का विस्तृत पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जा सकता है।