चरथावल में निकली तिरंगा जागरूकता रैली, BDO प्रवीण कुमार ने किया नेतृत्व

Muzaffarnagar

चरथावल में तिरंगों से सजा माहौल, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली; ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश

Aug 13, 2026
0 Likes
2
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

चरथावल/मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस और आजादी के महोत्सव के उपलक्ष्य में चरथावल कस्बा गुरुवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में विकासखंड चरथावल की ओर से विशाल तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़कों पर उतरी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लोगों को ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

रैली में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विकासखंड के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान एडीओ आईएसबी कमल कुमार, एडीओ पंचायत सोमदत्त, ग्राम पंचायत अधिकारी मोहसिन और ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक बालियान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे

तिरंगा जागरूकता रैली चरथावल कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। सड़कों पर एक साथ लहराते तिरंगों और राष्ट्रप्रेम के नारों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

रैली के माध्यम से आम लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

तिरंगा देश की आन, बान और शान: प्रवीण कुमार

खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस देशवासियों को उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील की। साथ ही हर घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महिलाओं की भागीदारी बनी आकर्षण का केंद्र

तिरंगा यात्रा में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं के साथ शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी तिरंगा लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान चरथावल कस्बे में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्ट: अनिल पुंडीर

Share :