सांसद चंद्रशेखर आजाद को गोंडा जाने से रोकने पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
हापुड़: गोंडा में हुए विनॉड साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को रास्ते में रोके जाने के विरोध में हापुड़ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
रविवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को भारत के राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गोंडा में बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की निर्मम हत्या के बाद जब सांसद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, तो पुलिस-प्रशासन ने उन्हें बाराबंकी में असंवैधानिक तरीके से रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष के नेताओं को पीड़ितों से मिलने से रोककर लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही है।