बस्ती | NHP Bharat Published BY: Ramraj tiwari
बस्ती। जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को महेश प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज, रुधौली में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आधार पर छह खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए किया गया, जो 1 अगस्त 2026 को सिद्धार्थनगर में आयोजित होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप सिंह एवं मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सुबास वर्मा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में करीब 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उद्घाटन मुकाबला बालिका अंडर-14 वर्ग में प्रिया प्रजापति और अंकिता यादव के बीच खेला गया, जिसमें अंकिता यादव ने जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में अनन्या भट्ट और जन्नतुल निशा के बीच हुए मुकाबले में जन्नतुल निशा विजेता रहीं।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। बालिका वर्ग से अर्चना यादव, अंकिता यादव और नेहा का चयन हुआ, जबकि बालक वर्ग से दिव्यांश भट्ट, आकाश यादव और अनुज यादव को विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता का सफल संचालन जनता इंटर कॉलेज, पोखरा बाजार के शारीरिक शिक्षक प्रभाकर ओझा, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव एवं युद्धवीर सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। वहीं प्रतियोगिता में सुहेल अहमद और राकेश कुमार ने रेफरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
आयोजकों ने चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे सिद्धार्थनगर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्ती जनपद का नाम रोशन करेंगे।