बाराबंकी। जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम पंचायत शरीफाबाद के मोहली जंगल के आसपास सोमवार सुबह खेत में काम कर रहे रामजीत और उनके परिवार को तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही परिवार के लोग घबराकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने तेंदुए का वीडियो भी बनाया, जिसके बाद आसपास के गांवों में इसकी मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई। घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई है।
वन विभाग की टीम कर रही जांच
वन दरोगा अनुज सिंह ने क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की तलाश कर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण खेतों और जंगल के आसपास जाने वाले लोगों में भय बना हुआ है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासतौर पर जंगल और खेतों की ओर जाते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद शरीफाबाद और आसपास के क्षेत्र में इसकी मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।