बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार, 3 अक्टूबर को मसौली क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक और आवासीय व्यवस्थाओं के साथ छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीएसआर (CSR) के माध्यम से उपलब्ध कराई गई स्मार्ट क्लास का उद्घाटन भी किया। स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू होने से विद्यालय की छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी के स्वागत में गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित लघु नाटिका का मंचन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रस्तुति से प्रभावित जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें पढ़ाई के साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संगीत और कला में रुचि रखने वाली छात्राओं को भातखंडे से डिप्लोमा करने की दिशा में प्रयास करने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की लाइब्रेरी, कंप्यूटर कक्षा और ‘लर्निंग बाई डूइंग’ के तहत संचालित गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण की सराहना करते हुए शिक्षिकाओं को पढ़ाई में नए प्रयोग और रुचिकर शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, जिससे छात्राओं को विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने में मदद मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी छात्राओं के साथ बैठकर भोजन करते भी नजर आए। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान छात्राओं को अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के सामने रखने का अवसर भी मिला।
छात्राओं ने विद्यालय में खेल मैदान विकसित कराने, परिसर में मिट्टी पटाई कराने और वाटर कूलर उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने पीएम श्री स्कूल करपिया का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने नवग्रह वाटिका, पंच पल्लव वाटिका और औषधीय वाटिका का अवलोकन किया तथा इनके बेहतर संरक्षण और नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। विद्यालय में चल रहे मेजर रिपेयरिंग कार्य को भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, बीएसए नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, बीईओ सुनील गौड़ और बीडीओ मसौली अवधेश पांडेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार वर्मा | NHP Bharat News, बाराबंकी