कल्याणी नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई

Barabanki

बाराबंकी: कल्याणी नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, पक्के पुल की मांग

Oct 4, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के मंगला नगर गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कल्याणी नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से 10 वर्षीय राज और 12 वर्षीय अमित की डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण नदी में पानी और बहाव बढ़ा हुआ था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृत बच्चों की पहचान राज (10) पुत्र मिथिलेश रावत और अमित (12) पुत्र अखिलेश, निवासी कृष्णा नगर, ग्राम पंचायत बजगहनी के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार दोनों परिवारों के मकान कृष्णा नगर के साथ मंगला नगर में भी हैं। शनिवार दोपहर करीब चार बजे दोनों बच्चे कृष्णा नगर स्थित मकान पर गए थे।

बताया गया कि शाम को वापस मंगला नगर की ओर लौटते समय दोनों बच्चे कल्याणी नदी पार कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पहले आरसीसी ह्यूम पाइप के जरिए नदी पार करने की व्यवस्था थी, लेकिन वह काफी समय से क्षतिग्रस्त अथवा अनुपयोगी स्थिति में है। इसी स्थान से गुजरने के दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए।

काफी देर तक दोनों बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शाम करीब 7:30 बजे नदी किनारे एक बच्चे का शव दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने नदी में तलाश कर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 112 पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कल्याणी नदी पर पक्का पुल नहीं होने का मुद्दा उठाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आवागमन के लिए सुरक्षित पुल की व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के लोगों को नदी पार करने में जोखिम उठाना पड़ता है। उनका दावा है कि पक्के पुल के निर्माण की मांग पहले भी अधिकारियों के सामने रखी जा चुकी है। हालांकि इन दावों पर संबंधित विभाग का पक्ष फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर सुरक्षित और पक्का पुल होता तो इस तरह के हादसे का जोखिम कम किया जा सकता था। घटना के बाद उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराने और आवागमन के लिए स्थायी एवं सुरक्षित पुल की व्यवस्था कराने की मांग की है।

सीएचसी घुंघटेर के अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा के अनुसार नदी में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक साथ दो बच्चों की मौत के बाद उनके परिवारों और गांव में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार वर्मा | NHP Bharat News, बाराबंकी

Mukesh Kumar Verma
Author
Mukesh Kumar Verma
Share :