बस्ती में रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े मानदेय के चेक वितरित

Basti

बस्ती में रसोइयों का सम्मान, बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड किए गए वितरित

Aug 25, 2026
0 Likes
0
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

बस्ती। राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में मंगलवार को रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों से पहुंची रसोइयों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री के रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मुख्य अतिथि महेश शुक्ल का बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी आशीष श्रीवास्तव ने किया।

‘विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं रसोइया’

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि रसोइया विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के साथ उन्हें विद्यालय से जोड़े रखने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

रसोइयों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड

समारोह में विभिन्न विकासखंडों से आई रसोइयों को बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान पाने वालों में सुभावती देवी, राधिका देवी, प्रमिला, सुनीता, बिंदु, फूला देवी, आरती देवी, विजयलक्ष्मी, दुर्गावती, कमलावती, चांदनी, पूर्ण शांति, बासमती, क्रांति, अंजू, पुष्पा देवी और मीना देवी समेत बड़ी संख्या में रसोइया शामिल रहीं।

‘सम्मान से बढ़ेगा मनोबल’

मुख्य अतिथि महेश शुक्ल ने कहा कि सरकार समाज के उन लोगों के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य कर रही है, जो निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय की रसोई से बच्चों की थाली तक पहुंचने वाला भोजन सीधे उनके स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा है। ऐसे में बच्चों के पोषण में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

महेश शुक्ल ने कहा कि बढ़े हुए मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को बल मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक बस्ती मंडल, बीएसए अनूप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी और जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अमित कुमार मिश्र समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा अनिल कुमार यादव, मिथिलेश श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, दुर्गेश यादव, सुधीर तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, वीरेंद्र शुक्ला, मोहम्मद आलम और डॉ. दिनेश पांडेय समेत अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Share :