बस्ती | NHP Bharat Published BY: Ramraj tiwari
बस्ती। पुलिस विभाग में 31 वर्ष 9 माह 10 दिन तक सेवाएं देने के बाद थाना हरैया में तैनात अनुचर अशोक कुमार सिंह सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस लाइन बस्ती में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अशोक कुमार सिंह हरैया थाना क्षेत्र के ग्राम गोभिया के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय मार्कण्डेय सिंह सीतापुर में यातायात पुलिस विभाग में कार्यरत थे। वर्ष 1975 में उनके आकस्मिक निधन के बाद परिवार को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। लंबे संघर्ष के उपरांत वर्ष 1993 में अशोक कुमार सिंह को मृतक आश्रित कोटे के अंतर्गत लगभग 30 वर्ष की आयु में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में सीतापुर में नियुक्ति मिली।
कुछ समय बाद उनका स्थानांतरण बस्ती जनपद में हुआ। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने सीओ कार्यालय हरैया, सीओ कलवारी, थाना हरैया, सोनहा, रुधौली, वाल्टरगंज, पैकोलिया, नगर थाना, पुलिस चौकी बभनान, छावनी, परशुरामपुर, दुबौलिया, कलवारी, कप्तानगंज, मुंडेरवा, लालगंज तथा पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय (मेस) सहित विभिन्न इकाइयों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। अपने सेवाकाल का अंतिम कार्यकाल उन्होंने थाना हरैया में पूरा किया।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने उनके अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि विभाग में उनकी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने अशोक कुमार सिंह को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया और उनके स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह, सीओ लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी साइबर सेल धर्मेंद्र यादव सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर उनके परिवार और रिश्तेदारों में रंजीत सिंह, रजनीश, सौरभ, सतीश, सुधीर, निर्भर, परमात्मा, प्रमोद, बिट्टू, सुभाष, वीरू, श्यामनाथ, आकाश सिंह, दिव्यम सिंह और रौनक सहित बड़ी संख्या में परिजन एवं शुभचिंतक भी मौजूद रहे।