बस्ती | NHP Bharat Published By: Ramraj Tiwari
बस्ती। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कप्तानगंज पुलिस ने अलग-अलग गांवों में हुए विवादों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत विधिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई।
वाहन में सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार ग्राम रतास उर्फ कप्तानगंज में वाहन में सवारी बैठाने को लेकर राहुल कुमार एवं कहफुलवरा के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर कहफुलवरा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
रास्ते और जमीन के विवाद में चार महिलाएं गिरफ्तार
इसी क्रम में ग्राम बनहरा में रास्ते एवं जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले पक्ष की लक्ष्मी देवी और उर्विता, जबकि दूसरे पक्ष की मेनिका एवं मनीषा के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ गया। पुलिस ने सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य न होने पर चारों को शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।
घास पर दवा छिड़कने को लेकर बढ़ा विवाद
वहीं ग्राम करचोलिया में घर के पीछे घास पर दवा छिड़कने की बात को लेकर शकुंतला, विपिन कुमार और माधुरी के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तीनों को भी बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम हर्रैया के न्यायालय भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि सभी आठ आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार राय, कांस्टेबल विमलेश यादव, महिला कांस्टेबल प्रतिज्ञा पटेल, मनोरमा सरोज तथा रोशनी शामिल रहीं।