हरैया के सुनील कुमार गुप्ता ने राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक, बस्ती का नाम किया रोशन
हरैया/बस्ती। रामपुर में आयोजित 7वीं राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता में बस्ती जिले के हरैया क्षेत्र के खिलाड़ी सुनील कुमार गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। सुनील की इस उपलब्धि से हरैया समेत पूरे बस्ती जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
22 से 23 अगस्त तक आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में सुनील ने बस्ती जनपद का प्रतिनिधित्व किया। वह एल.डी. मार्शल आर्ट्स स्पोर्ट्स अकादमी, हरैया के खिलाड़ी हैं।
अंडर-25 वर्ग में हासिल किया कांस्य पदक
गतका एसोसिएशन ऑफ बस्ती के महासचिव करूणेश मणि पाठक के मुताबिक, महूघाट हरैया निवासी स्वर्गीय शिवप्रसाद गुप्ता के पुत्र सुनील कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिता के अंडर-25 आयु वर्ग में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। सुनील ने अपनी खेल प्रतिभा और बेहतर प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक हासिल किया।
प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रामपुर के अलावा वाराणसी, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजीपुर, बलिया, मिर्जापुर, इटावा, शाहजहांपुर, लखनऊ, चंदौली, रायबरेली और गाजियाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
इन खिलाड़ियों के बीच सुनील कुमार गुप्ता ने बस्ती का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल किया।
हरैया लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत
कांस्य पदक जीतने के बाद सुनील के हरैया लौटने पर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
सुनील की सफलता पर कविता त्रिपाठी, अशोक शुक्ला, अर्जुन पंडित, विनय कुमार, विरेन्द्रनाथ वरुण, रजनीश मिश्रा, भानुप्रताप सिंह, करीम शेख, महावीर सिंह, आयुष सोनकर, विशाल सोनकर, इस्माइल, सद्दाम हुसैन, भाव्या श्रीवास्तव, आयांश सिंह, बुद्धिसागर वर्मा, आलोक, चंद्रप्रकाश वर्मा, बसंत, गुरूनाथ मौर्य, गर्वित शर्मा और शाश्वत पाठक समेत कई लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।