Published By: Ramraj Tiwari Wednesday , 29 Jul 2026 8:52 AM
बस्ती। जनपद बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के महादेवरी गांव में मंगलवार सुबह रास्ते पर उगी घास काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक पर कथित रूप से लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हर्रैया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी गणेशदत्त और सुभाष शुक्ल के बीच लंबे समय से रास्ते और जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सुभाष शुक्ल के पुत्र आदर्श विवादित रास्ते पर उगी घास की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
सुभाष शुक्ल द्वारा हर्रैया पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गणेशदत्त पुत्र राम आसरे, उनके पुत्र शिवकुमार, दिग्विजय तथा अनूप कुमार ने मिलकर आदर्श पर लाठी, डंडे और फरसे से हमला कर दिया। हमले में आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर पर कई चोटें आईं। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे सीएचसी हर्रैया लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से गणेशदत्त शुक्ल ने भी अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि विवादित भूमि को लेकर मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है तथा अगले दिन अदालत के अमीन के मौके पर आने की तिथि निर्धारित थी। गणेशदत्त का आरोप है कि जब उन्होंने विवादित भूमि का स्वरूप बदलने का विरोध किया, तो आदर्श पक्ष के लोगों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें उन्हें भी चोटें आईं। उन्होंने घटना के लिए दूसरे पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक अपराध एस.के. सिंह ने बताया कि सुभाष शुक्ल की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि समाचार लिखे जाने तक दूसरे पक्ष की ओर से कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। यदि दूसरी ओर से भी शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।