Published By: Ramraj Tiwari Wednesday , 29 Jul 2026 8:52 AM
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा चलाए जा रहे 'डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP)' के तहत हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण एवं सह-पंजीकरण अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों और बूथों पर पार्टी पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर और बूथ स्तर पर पहुंचकर युवाओं को SARAL ऐप डाउनलोड करा रहे हैं तथा उन्हें डिजिटल लर्निंग कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत हर्रैया विधानसभा के विक्रमजोत एवं विशेषरगंज मंडल के विभिन्न बूथों पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जहां प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में सर्वेश शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की विचारधारा पर कार्य करती है और प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार या बहकावे में आने के बजाय राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सर्वेश शर्मा ने कहा कि "हर्रैया का प्रत्येक युवा कार्यकर्ता तकनीक के साथ कदम मिलाकर संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।" उन्होंने युवाओं से डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट ओंकार सिंह ने बताया कि डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP) का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना है। इसके माध्यम से उन्हें पार्टी के इतिहास, संगठन की विचारधारा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धांतों, केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, 'मन की बात' कार्यक्रम तथा नमो ऐप के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सकेंगे।
वहीं भाजपा मंडल मंत्री एडवोकेट अजय चौहान ने बताया कि इस अभियान के जरिए युवा कार्यकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग संगठन को और मजबूत करेगा तथा आम जनता के साथ संवाद को अधिक सरल और प्रभावी बनाएगा।
भाजपा के इस डिजिटल अभियान के तहत हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं की जानकारी के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।