हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध अजगर बसंती माता मंदिर में आयोजित मेले के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने पहुंची दो महिलाओं के गले से अज्ञात चोरों ने सोने की चेन चोरी कर ली। भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया। पूजा-अर्चना के बाद जब महिलाओं का ध्यान अपने गले पर गया तो सोने की चेन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरी की घटना में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।