सीतापुर/अटरिया। थाना अटरिया क्षेत्र के ग्राम अलाईपुर स्थित कुंवर भूषण सिंह स्मारक मान्य विद्यालय में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यालय की करीब 75 से 80 बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
1090 से 1930 तक महत्वपूर्ण हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को आपात स्थिति और किसी प्रकार की परेशानी होने पर सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
बालिकाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 102 व 108 एंबुलेंस सेवा और 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन के बारे में बताया गया।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने और किसी घटना या परेशानी को छिपाने के बजाय परिवार, शिक्षक अथवा पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
सरकारी योजनाओं के बारे में भी किया जागरूक
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
बालिकाओं को बांटे जागरूकता पंपलेट
कार्यक्रम के दौरान करीब 75 से 80 बालिकाओं को महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह, मुख्य आरक्षी रवीन्द्र सिंह, आरक्षी संजय सिंह, महिला आरक्षी हरकमलजीत कौर और महिला आरक्षी मोनी मौजूद रहीं।