जलालपुर | NHP Bharat Published BY: ब्रह्म प्रकाश तिवारी मंजुल
जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। सावन माह के पावन अवसर पर जलालपुर नगर रविवार को पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर दिखाई दिया। हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी यादव चौराहे से बाबाधाम के लिए कांवड़ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ रवाना हुई। यात्रा के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कांवड़ यात्रा को नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, मनोनीत सभासद सुरेश गुप्त, आशाराम मौर्य, विकास सोनकर, मीडिया प्रभारी विकास निषाद, सोनू गौड़ तथा दिलीप यादव ने कांवड़ियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर रवाना किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने बाबा भोलेनाथ से यात्रा के सकुशल एवं मंगलमय संपन्न होने की प्रार्थना की।
यात्रा प्रारंभ होते ही पूरा नगर "बम-बम भोले" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु सजी-धजी कांवड़ कंधों पर लेकर भक्ति भाव से आगे बढ़ते रहे। डमरू की गूंज, शिव भजनों की मधुर धुन और भक्तों के उत्साह ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। रास्ते भर कांवड़िए भजनों पर झूमते हुए बाबा भोलेनाथ का जयकारा लगाते रहे।
नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सावन माह में निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था, सामाजिक समरसता और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पूरी श्रद्धा, नियम और आस्था के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम (बाबाधाम) में जलाभिषेक करने के उद्देश्य से यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने भगवान शिव से परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, धार्मिक उत्साह और सामाजिक सौहार्द का सुंदर वातावरण देखने को मिला। कांवड़ यात्रा के रवाना होने के साथ ही जलालपुर नगर पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गया।