आगरा में ‘डायरिया से डर नहीं’ अभियान की समीक्षा, डॉ. मंजू सचान ने ORS और Zinc उपलब्धता के दिए निर्देश

Agra

आगरा: ‘डायरिया से डर नहीं’ अभियान की मंडलीय समीक्षा बैठक, डॉ. मंजू सचान ने ओआरएस और जिंक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Jul 14, 2026
0 Likes
2
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

आगरा, 14 जुलाई। बरसात के मौसम में बच्चों को डायरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की मंडलीय समीक्षा बैठक मंगलवार को अपर निदेशक चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में स्टॉप डायरिया कैंपेन (दस्त रोको अभियान) के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर निदेशक चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. मंजू सचान ने की। बैठक का आयोजन पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (PSI India) एवं केनव्यू के सहयोग से किया गया। इसमें आगरा मंडल के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जनपदों के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधकों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

पांच वर्ष तक के बच्चों में डायरिया रोकना प्राथमिकता

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मंजू सचान ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में डायरिया भी शामिल है, जबकि समय पर पहचान और सही उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को 24 घंटे के भीतर तीन या उससे अधिक बार पतले दस्त हों, तो इसे डायरिया का संकेत मानते हुए तुरंत उपचार शुरू करना चाहिए।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि ऐसे बच्चों को तुरंत ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) का घोल पिलाया जाए ताकि शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी न हो तथा जल्द से जल्द नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए।

ओआरएस और जिंक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

अपर निदेशक ने मंडल के सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायरिया रोको अभियान-2026 के दौरान प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र और आशा कार्यकर्ताओं के पास ओआरएस और जिंक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सभी गतिविधियां निर्धारित समय पर पूरी हों और प्रत्येक पात्र बच्चे तक उपचार एवं जागरूकता का लाभ पहुंचे।

उन्होंने इस अभियान में पीएसआई इंडिया द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के समन्वय से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

एचएमआईएस रिपोर्टिंग पर विशेष जोर

बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक (जेडी) डॉ. नीरज त्यागी ने हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) की रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस माह की सभी रिपोर्टें समय पर और शत-प्रतिशत सही तरीके से तैयार की जाएं, ताकि डायरिया के मामलों की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

डिवीजनल कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार ने सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधकों से कहा कि डायरिया के प्रत्येक मामले की सही रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा उपलब्ध आंकड़ों का नियमित विश्लेषण किया जाए।

वहीं डिवीजनल अर्बन हेल्थ सलाहकार इरशाद एवं डिवीजनल एम एंड ई अधिकारी अफजल ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर डायरिया की पहचान, उपचार और रिपोर्टिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

बैठक में पीएसआई इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रोग्राम अनिल द्विवेदी ने 'डायरिया से डर नहीं' अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में आशा कार्यकर्ताओं, आशा संगिनी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे घर-घर जाकर लोगों को डायरिया की पहचान, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक कर सकें।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ई-रिक्शा के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके जरिए लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत, ओआरएस के उपयोग और जिंक की महत्ता के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।

उन्होंने सरकारी एवं निजी अस्पतालों में स्थापित ओआरएस कॉर्नर की प्रगति रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की और कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को तत्काल ओआरएस उपलब्ध कराया जा रहा है।

अनेक अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में फिरोजाबाद के डीपीएम भानु प्रताप, आगरा के अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक आकाश गौतम, मथुरा के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहिताश सिंह, डीपीएम संजय सिहोरिया, मैनपुरी के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अर्बन हेल्थ समन्वयक, एचएमआईएस ऑपरेटर तथा पीएसआई इंडिया की ओर से राजेश कुमार प्रजापति, अजय कुमार और पंकज कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें, भोजन को ढककर रखें और डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत ओआरएस देना शुरू करें तथा चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें।

Tag :
Agraआगरा न्यूजयूपी न्यूजआगरा अपडेटताजा खबर
Share :