आगरा। ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आगरा में 17 सितंबर 2026 को विभिन्न स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से जनहित में अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी मनीष बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे रक्तदान शिविर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय आगरा, नगर निगम संजय प्लेस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर, बिचपुरी और अछनेरा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा रवि स्कूल ऑफ नर्सिंग, ईएच-2, ब्लॉक डी, शास्त्रीपुरम, नियर ईपीआईपी सेंटर, आगरा में भी रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति बढ़ाई जाएगी जागरूकता
सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता और उसके सामाजिक महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
CMO ने की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे 17 सितंबर को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और जनहित के इस अभियान में अपना योगदान दें।
स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, आगरा द्वारा प्रसारित प्रेस विज्ञप्ति