आगरा | NHP भारत Published BY: Sumit Sharma
आगरा जनपद के थाना पिढ़ौरा क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक ऐसी वारदात जिसने माँ-बेटे के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। आरोप है कि पत्नी को वापस घर लाने की चाह में एक युवक ने अपनी ही सगी माँ को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। इतना ही नहीं, इस साजिश में उसकी सास की कथित भूमिका भी सामने आई है, जिसने कथित तौर पर शर्त रखी कि "जब तक अपनी माँ को रास्ते से नहीं हटाओगे, तब तक मेरी बेटी तुम्हारे साथ नहीं जाएगी।"
आरोप है कि इसी शर्त को पूरा करने के लिए युवक ने दोपहर के भोजन में छोले की सब्जी में जहरीला पदार्थ मिलाकर अपनी माँ को खिला दिया। जहरीला भोजन खाते ही महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
पत्नी को पाने की चाह में रची गई कथित साजिश
जानकारी के अनुसार, थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के बरपुरा गांव निवासी रणवीर सिंह की पत्नी राममूर्ति दोपहर का भोजन कर रही थीं। आरोप है कि उनके 20 वर्षीय बेटे रविन्द्र ने छोले की सब्जी में पहले से जहरीला पदार्थ मिला दिया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद राममूर्ति की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टियां और बेचैनी होने लगी, जिसके बाद परिवार उन्हें तत्काल आगरा के जीआर हॉस्पिटल लेकर पहुंचा।
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली कहानी
परिजनों के अनुसार, जब बेटे रविन्द्र से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। आरोप है कि उसकी सास फूलबती, निवासी रूनवाई (फतेहाबाद), ने उसे गटपुरा बुलाया था। वहीं उसे एक पुड़िया में जहरीला पदार्थ देते हुए कथित रूप से कहा गया कि यदि वह अपनी माँ को खत्म कर देगा, तभी उसकी पत्नी को विदा किया जाएगा। इसी कथित उकसावे में आकर युवक ने यह कदम उठाया।
पिता ने बेटे और सास के खिलाफ दर्ज कराई तहरीर
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रणवीर सिंह ने इसे सुनकर तत्काल थाना पिढ़ौरा पहुंचकर अपने बेटे रविन्द्र और उसकी सास फूलबती के खिलाफ नामजद तहरीर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने मिलकर उनकी पत्नी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला के स्वास्थ्य, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस बेटे को माँ ने जन्म देकर बड़ा किया, उसी पर माँ की जान लेने का आरोप लगना बेहद दुखद और चौंकाने वाला है। वहीं सास पर लगे आरोपों ने भी लोगों को हैरान कर दिया है।