आगरा, 16 जुलाई 2026। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत जनपद आगरा में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद, विधायक, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन अधिकारियों के साथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची को अंतिम रूप देने से पहले सुझाव एवं आपत्तियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाता तथा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 2 किलोमीटर की दूरी के मानकों के आधार पर मतदान केंद्रों का पुनर्गठन (रेशनलाइजेशन) किया जा रहा है। आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है तथा आलेख्य सूची का प्रकाशन 4 जुलाई 2026 को किया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रकाशित सूची की प्रतियां सांसदों, विधायकों तथा सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई गई थीं। उनसे 12 जुलाई 2026 तक लिखित रूप में सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गई थीं, जिनका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
बैठक में बताया गया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची 18 जुलाई 2026 को जारी की जाएगी। इससे पहले प्राप्त सभी सुझावों, शिकायतों और आवेदनों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया गया है। जहां आवश्यक पाया गया, वहां नए मतदेय स्थलों के लिए उपयुक्त भवनों का चयन भी किया गया ताकि मतदाताओं को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मतदाता को अपने निवास के निकट मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी सुझावों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का मौके पर निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, विधायक चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, छोटे लाल वर्मा, भाजपा के महेश शर्मा, विजय भदौरिया, यशपाल राणा, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी, समाजवादी पार्टी के समीर अब्बास, सीपीआई के रामनाथ शर्मा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदेय स्थलों के रेशनलाइजेशन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं मतदाता-अनुकूल बनाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में अधिक से अधिक मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।