आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के मिढ़ाकुर कस्बे में रविवार सुबह एक महिला ने पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया। महिला का आरोप था कि उसके पति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जबकि दूसरी ओर उसके पति को मोबाइल चोरी के एक मामले में जेल भेज दिया गया। इसी से आहत होकर महिला ने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया।
घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
बताया गया कि महिला मूल रूप से आगरा सदर क्षेत्र के सोहल्ला की रहने वाली है और वर्तमान में किरावली कस्बे में किराए के मकान में रह रही है। महिला का कहना है कि कुछ समय पहले किरावली तहसील के सामने उसके पति के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तो की, लेकिन महिला का आरोप है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही और दोषियों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान आगरा कैंट जीआरपी ने उसके पति को मोबाइल चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला के मुताबिक, उसके पति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जबकि उसके पति को जेल भेज दिया गया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।
करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी लगातार महिला को समझाने में जुटे रहे। अधिकारियों ने महिला की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे महिला सकुशल मोबाइल टावर से नीचे उतर आई।
घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर विधिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।