आगरा के न्यू आगरा क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने अपने दामाद पर पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर बेटी से विवाह करने और दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 26 जनवरी 2023 को नरायच निवासी युवक से की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज में अपाचे बाइक और 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
मांग पूरी न होने पर बेटी का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि 27 मार्च 2023 को उसे घर से निकाल दिया गया। इस संबंध में थाना ट्रांस यमुना में मामला दर्ज है।
परिजनों का कहना है कि बाद में उन्हें पता चला कि आरोपी पति पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।