आगरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलपुरा थाना क्षेत्र में लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने स्क्रैप की आड़ में पंजाब से गोरखपुर भेजी जा रही 492 पेटी (12,108 बोतल) अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को पकड़ा है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का कथित मास्टरमाइंड राहुल अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना मलपुरा में नवागत एसीपी सैंया जसवीर सिंह एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर साइबर सर्विलांस एवं काउंटर इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान मलपुरा चौराहा स्थित जारुआ कट के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक में लदे स्क्रैप के नीचे बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से कुल 492 पेटी (12,108 बोतल) अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद बरामद किए। प्रारंभिक जांच में बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान देवड़ा राजू पुत्र पुखराज, निवासी रामदेव नगर, थाना अडालज, जिला गांधीनगर (गुजरात) तथा अजय पुत्र मुकेश भाई कागसिया, निवासी थाना अडालज, जिला गांधीनगर (गुजरात) के रूप में बताई। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप पंजाब के जिरकपुर से गोरखपुर भेजी जा रही थी। गोरखपुर पहुंचने के बाद गिरोह का सरगना राहुल मोबाइल फोन के माध्यम से डिलीवरी का स्थान बताने वाला था।
पुलिस को ट्रक से स्क्रैप से संबंधित बिल्टी और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल एक शराब की खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। बरामद मोबाइल फोन, दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार मास्टरमाइंड राहुल की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही इस मामले में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। मलपुरा पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।