आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में कथित 40 लाख रुपये की लूट का मामला अब जांच के घेरे में आ गया है। सादाबाद निवासी सर्राफ कारोबारी रामवीर ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। कारोबारी के अनुसार बैग में करीब 40 लाख रुपये की नकदी थी।
हालांकि पुलिस को घटना की सूचना करीब दो घंटे से अधिक की देरी से मिलने और घटनाक्रम में सामने आए कुछ अन्य तथ्यों के कारण पुलिस इस मामले को फिलहाल संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना जांच पूरी किए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
खंदौली थाना पुलिस और अन्य टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही कारोबारी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कारोबारी की आवाजाही, नकदी की जानकारी और कथित लूट की परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है।