आगरा। जनपद आगरा के कागारौल में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केनरा बैंक की 98वीं शाखा का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि नई बैंक शाखा के शुरू होने से कागारौल एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज के कस्बों और शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब स्थानीय नागरिक अपने क्षेत्र में ही खाता खुलवाने, बचत जमा करने, नकद निकासी, डिजिटल बैंकिंग तथा अन्य आवश्यक बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अब ग्रामीणों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण, परिवारों को गृह ऋण तथा अन्य बैंकिंग सुविधाएं इसी शाखा के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क मजबूत होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। व्यापार, कृषि एवं स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई शाखा रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा स्वयं सहायता समूह (SHG) की बैंक सखी की नियुक्ति भी की जाएगी, जो गांव-गांव जाकर लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने का कार्य करेंगी। इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वित्तीय समावेशन को भी मजबूती मिलेगी।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा अधिक लाभ
डीएम मनीष बंसल ने केनरा बैंक की सराहना करते हुए कहा कि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) के नेतृत्व में जिले के सभी बैंक सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बैंक की सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से लैस होगी शाखा
लीड बैंक मैनेजर ऋषिकेश बनर्जी ने बताया कि नई शाखा में ग्राहकों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन, किसान क्रेडिट कार्ड, विभिन्न प्रकार के ऋण, बचत खाते, वित्तीय परामर्श एवं अन्य बैंकिंग सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नई शाखा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगी।
लाभार्थियों को मिले ऋण स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत रवि, संतोष, किशन, राहुल, मुकेश एवं असलम उस्मानी को 5-5 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
वहीं स्त्री शक्ति योजना के तहत सोमवती, शीला, भूरी देवी, रूबी एवं सीमा देवी को 50-50 हजार रुपये की ऋण सुविधा प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एलबीओ अंकित सहगल ने किया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर केनरा बैंक के महाप्रबंधक सुनीत कुमार सिंह, सहायक महाप्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह, लीड बैंक मैनेजर ऋषिकेश बनर्जी, ग्राम प्रधान, बैंक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नई शाखा के शुभारंभ को ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।