आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में मंडी समिति के सामने हाईवे पर रविवार देर शाम रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार शाहरूख शेख (34) की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर रामबाग फ्लाईओवर की ओर चला गया। मौके पर जुटी भीड़ और रुके वाहनों के कारण हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने पहुंचकर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, दहतोरा की रंगोली कॉलोनी निवासी शाहरूख शेख शाम करीब 7:30 बजे बुलेट बाइक से झरना नाला की ओर से रामबाग जा रहे थे। मंडी समिति के सामने पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शाहरूख बस के अगले हिस्से में फंस गए और करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। इसके बाद बस का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने शोर मचाकर चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन वह वाहन लेकर आगे निकल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात सामान्य कराया। बस और चालक के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।