उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र के मोहल्ला नयापुरा में 85 वर्षीय रामबाबू चुरारिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वृद्ध रात में घर के बाहर सो रहे थे, तभी भैंस की टक्कर लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी। इसी बीच सोशल Media पर हत्या की आशंका से जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि रामबाबू चुरारिया की मौत किसी आपराधिक घटना में नहीं बल्कि भैंस की टक्कर लगने से हुई है।
पुलिस ने अपने बयान में कहा कि बिना किसी ठोस तथ्य के कुछ लोगों ने मामले को हत्या से जोड़कर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
परिजनों ने भी स्पष्ट किया है कि उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है और वे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। फिलहाल पुलिस ने मामले को अफवाह आधारित बताया है और लोगों से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया उपयोग करने की सलाह दी है।