आगरा कलेक्ट्रेट में DM मनीष बंसल ने फहराया तिरंगा, दिया विकसित भारत का संदेश

Agra

आगरा: DM मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का किया सम्मान; बोले- कोई फरियादी निराश न लौटे

Aug 15, 2026
0 Likes
5
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 15 अगस्त 2026 को आगरा कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष और बलिदान देने वाले सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया और पौधरोपण भी किया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए 2047 तक भारत को सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने में प्रत्येक नागरिक से योगदान देने का आह्वान किया।

बड़ी कुर्बानियों और संघर्ष के बाद मिली आजादी: DM

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1947 में करीब दो सौ वर्षों की गुलामी और लंबे संघर्ष के बाद देश को स्वतंत्रता मिली। आजादी की लड़ाई में अनेक वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज देश के नागरिक स्वतंत्रता और अपने अधिकारों का उपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आजादी के बाद देश के सामने अनेक चुनौतियां आईं, लेकिन देशवासियों ने उनका डटकर सामना किया। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

“कलेक्ट्रेट आने वाला कोई फरियादी निराश न लौटे”

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष संदेश देते हुए कहा कि उन्हें जनपद के 50 लाख से अधिक नागरिकों की सेवा करने और उनके रोजमर्रा के जीवन को बेहतर बनाने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि जिस भरोसे और विश्वास के साथ कोई फरियादी कलेक्ट्रेट आता है, उस भरोसे को टूटने नहीं देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय में दिखाई देने वाले कागजात उनके लिए भले ही एक फाइल हों, लेकिन किसान, मजदूर और फरियादी के लिए वही फाइल उसके जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला हो सकती है।

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और मामलों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए।

“कर्तव्यबोध याद रखना ही सच्ची राष्ट्र सेवा”

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि उनके कार्यालय से कोई भी फरियादी निराश होकर वापस न जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कर्तव्यबोध का ध्यान रखना चाहिए। आम नागरिकों का जीवन सहज और सरल बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करना ही सच्ची राष्ट्र सेवा होगी।

उन्होंने अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का मार्गदर्शन और सहयोग करने को कहा, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी क्षमता के साथ काम कर सके।

“जनपद विकसित होगा तो प्रदेश और राष्ट्र भी आगे बढ़ेंगे”

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि जनपद विकास करेगा तो उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा और विकसित प्रदेशों से मिलकर विकसित राष्ट्र का निर्माण होगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को परिवार की तरह मिलकर काम करने और शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ आम नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संदेश दिया।

आगरा में निवेश और नए उद्योगों की संभावनाओं का किया जिक्र

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपने संबोधन में आगरा के विकास और निवेश का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनपद लगातार विकास और उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है तथा उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक निवेश प्राप्त करने वाले जिलों में शामिल है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र के संचालन से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही जिले में नए उद्योग स्थापित कराने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य गुड गवर्नेंस के माध्यम से आम नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि देश को बड़ी कुर्बानियों, त्याग और लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से जनसहयोग एवं जनभागीदारी के माध्यम से देश को सशक्त और विकसित बनाने में योगदान देने की अपील की।

समारोह में समस्त अपर जिलाधिकारी, एसीएम तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, आगरा

Share :