आगरा में यूट्यूबर बाबू गप्पी उर्फ भोला गुर्जर के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को शिकायत पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। योगी यूथ ब्रिगेड की महिला कार्यकर्ता रेखा नागपाल ने आरोप लगाया कि महिलाओं के निजी अंगों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है और इस पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो बड़ी संख्या में महिलाएं और डॉक्टर आंदोलन करेंगे।
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने भी मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि संबंधित यूट्यूबर पहले भी कथित रूप से अश्लील वीडियो बनाकर महिलाओं और साधु-संतों का अपमान कर चुका है। उन्होंने कहा कि इस मामले में 24 घंटे के भीतर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होने पर संगठन हजारों महिलाओं और डॉक्टरों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा।
इस मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने भी शिकायत का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने शिकायत पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रजापति, जिला महामंत्री युवा मोर्चा मनमोहन तोमर, जिला अध्यक्ष ज्योति शर्मा, सोनू शर्मा, अर्जुन उपाध्याय, विवेक शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: यह खबर शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयानों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच जारी है और संबंधित पक्ष का जवाब या न्यायिक निष्कर्ष आना शेष है।