आगरा, 16 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद आगरा में भूजल सप्ताह 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" थीम पर आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा भूजल के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।
भूजल सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी, आगरा ने भूजल जन-जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को जल संरक्षण के महत्व, वर्षा जल संचयन की उपयोगिता, भूजल के अनियंत्रित दोहन से होने वाले दुष्प्रभाव तथा जल संसाधनों के संरक्षण के उपायों के बारे में जागरूक करेगा।
इसके बाद भूगर्भ जल विभाग, खण्ड-आगरा की ओर से श्री रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज, लोहामंडी में छात्र-छात्राओं की सहभागिता से एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वशिष्ठ एवं सीनियर जियोफिजिसिस्ट शशांक शेखर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अभियान में लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता, भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षकगण भी शामिल हुए।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाए और लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति जल बचाने की जिम्मेदारी निभाए। साथ ही प्रचार वाहन के माध्यम से तहसील सदर क्षेत्र में भूजल संरक्षण, जल प्रबंधन, वर्षा जल संचयन तथा भूजल के विवेकपूर्ण एवं विनियमित उपयोग के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाएं, वर्षा जल संचयन को अपने घरों एवं संस्थानों में अपनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकारियों ने कहा कि यदि आज जल संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करे और भूजल स्तर को बढ़ाने में अपना योगदान दे।