NHP भारत Published by: Shubham Chauhan
आगरा। आगरा-शमसाबाद मार्ग स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी, बरौली अहीर में शनिवार सुबह से अवैध बसई सब्जी मंडी के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। यह धरना नवीन फल सब्जी मंडी एसोसिएशन, राष्ट्रीय दिव्यांग संघ एवं किसानों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग अवैध रूप से संचालित बसई सब्जी मंडी को बंद कराकर बरौली अहीर स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी को पूरी तरह संचालित किया जाए।
धरना शनिवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। धरना प्रारंभ होते ही सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे किसानों एवं व्यापारियों से वार्ता की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि आठ दिनों के भीतर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के आश्वासन को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिन के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो किसान और व्यापारी भूख हड़ताल शुरू करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर मौजूद व्यापारियों और किसानों ने आरोप लगाया कि अवैध बसई सब्जी मंडी के संचालन के कारण बरौली अहीर स्थित नवीन मंडी में व्यापार प्रभावित हो रहा है। इससे किसानों और व्यापारियों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अवैध मंडी पर तत्काल कार्रवाई करने और अधिकृत मंडी को सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की।
धरने में नवीन फल सब्जी मंडी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रवेंद्र कुमार, अध्यक्ष होतम सिंह, राष्ट्रीय दिव्यांग संघ के अध्यक्ष विजय सिंह लोधी (मुखिया) सहित लवकुश त्यागी, राज राइन, बबलू, ब्रज किशोर कुशवाह, सचिन तोमर, मनोज बघेल, निरंजन बघेल, बीरी सिंह, प्रथम सिंह, होती लाल भगत, अंकित सिंघल, रज्जो खां, मुनेश कुशवाह, राकेश धाकरे, भूरी सिंह, कुमरपाल (अदरक वाले), पवन कुशवाह, राजू कुशवाह, वीरेंद्र सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी एवं संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
धरनार्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।