जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगपुर में हुए ध्रुव गुप्ता हत्याकांड में जलालपुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार सुबह नगपुर मोड़ स्थित शंकर तिराहे के पास से पकड़ा। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 12 अगस्त को सुबह करीब 5:10 बजे रामगढ़ रोड के निकट शंकर तिराहा, नगपुर मोड़ पर दबिश दी।
यहां से पुलिस ने निखिल अग्रहरी पुत्र रमेश चंद्र अग्रहरी निवासी नगपुर खास और करन अग्रहरी पुत्र महेंद्र अग्रहरी निवासी नगपुर खास मतलूबपुर को गिरफ्तार किया।
हत्या के मुकदमे में थे नामजद
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी जलालपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 253/2026 से संबंधित हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज है।
ध्रुव गुप्ता हत्याकांड के बाद से पुलिस मामले में नामजद आरोपियों की तलाश कर रही थी। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
निखिल और करन के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी निखिल अग्रहरी के खिलाफ जलालपुर थाने में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 का मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा वर्ष 2024 का मुकदमा अपराध संख्या 04/2024 धारा 379 भादवि शामिल है।
वहीं आरोपी करन अग्रहरी के खिलाफ भी मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप, निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा, कांस्टेबल दिनेश चौहान और कांस्टेबल सुनील पाल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
रिपोर्टर: ब्रह्म प्रकाश तिवारी ‘मंजुल’