UGC रोलबैक को लेकर सवर्ण समाज का बड़ा ऐलान,
23 अगस्त को दिल्ली में महापंचायत
आगरा। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमिशन (UGC) के रोलबैक की मांग को लेकर सवर्ण समाज की ओर से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत आगरा पहुंचे। यमुनापार क्षेत्र के शोभानगर में UGC रोलबैक को लेकर सवर्ण आक्रोश महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।
डॉ. राज शेखावत ने बताया कि 5 अगस्त से 15 हजार किलोमीटर की जनजागरण वाहन यात्रा शुरू की गई है। यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान पंचायत, सम्मेलन, जनसंवाद और प्रेस वार्ताओं के माध्यम से अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 23 अगस्त को नई दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में UGC रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर से सवर्ण समाज के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी मांग संबंधित प्राधिकरणों तक पहुंचाना है। डॉ. राज शेखावत ने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान यमुनापार क्षेत्र 'जय भवानी, जय राजपूताना' के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नारेबाजी की और महापंचायत को सफल बनाने का संकल्प लिया।