आगरा। ताजनगरी के थाना सिकंदरा क्षेत्र में शादी के कुछ ही दिन बाद नवविवाहिता के घर से गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गई। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।
बेटे की शादी के लिए बिचौलिए ने सुझाया था रिश्ता
मामला सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित रामजी की बगीची का बताया जा रहा है। करीब 50 वर्षीय गुड्डी देवी पत्नी स्वर्गीय लाखन सिंह कुशवाह ने अपने बड़े बेटे विश्नू की शादी के लिए रिश्ता तलाशना शुरू किया था।
पीड़िता के मुताबिक, शमशाबाद निवासी जवाहर सिंह ने प्रयागराज की रहने वाली प्रीति नामक युवती का रिश्ता सुझाया। आरोप है कि युवती को गरीब और अनाथ बताकर शादी का खर्च लड़के पक्ष से उठाने की बात कही गई।
शादी से पहले मांगे गए डेढ़ लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, 27 जून 2026 को जवाहर सिंह, कथित भाई डॉ. धारा सिंह और एक अन्य व्यक्ति युवती को लेकर परिवार के घर पहुंचे। आरोप है कि विवाह की रस्में शुरू होने से पहले शादी के सामान और अन्य खर्च के नाम पर 1.50 लाख रुपये की मांग की गई।
परिवार का दावा है कि उसने एक लाख रुपये नकद और 50,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। उसी दिन घर पर विवाह की रस्में पूरी हुईं, जिसके बाद बिचौलिए वहां से चले गए।
सुबह नींद खुली तो घर में नहीं थी नवविवाहिता
पीड़ित परिवार के अनुसार, 3 जुलाई की तड़के करीब 4:30 बजे गुड्डी देवी की नींद खुली तो नवविवाहिता घर में नहीं मिली। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद घर में रखे सामान की जांच की गई तो जेवर और नकदी भी गायब होने का दावा किया गया।
4 लाख रुपये से अधिक के जेवर-नकदी ले जाने का आरोप
परिवार का आरोप है कि नवविवाहिता सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, अंगूठियां, करीब दो तोले सोने के आभूषण, चांदी की पायजेब और करधनी के साथ 16 हजार रुपये नकद ले गई। छोटी बहू के कुछ जेवर और नकदी भी गायब होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष ने गायब सामान की कुल कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई है। हालांकि इन आरोपों और सामान के मूल्य की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुल्हन को वापस लाने का दिया गया झांसा
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब बिचौलिए जवाहर सिंह से संपर्क किया गया तो उसने पहले युवती को वापस लाने की बात कही, लेकिन बाद में कथित रूप से मुकर गया।
परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई: पुलिस
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल शादी कराने वाले बिचौलियों की भूमिका, पैसों के लेन-देन और नवविवाहिता के गायब होने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।