पिनाहट/आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम पिनाहट कस्बे के प्राचीन गतन वाले हनुमान मंदिर में ‘आशीर्वाद दीप’ प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस पहल को लेकर मिले स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त किया।
हनुमान मंदिर में दीप जलाकर की प्रार्थना
गुरुवार शाम कार्यक्रम में शामिल लोग हनुमान मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।
मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पूजा-अर्चना भी की। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा।
भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री बबीता चौहान, नगर अध्यक्ष रामरती देवी, रेखा गुप्ता, संगीता गुप्ता, चित्रा शर्मा और गौरव गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।