आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कमिश्नरेट में तैनात तीन डीसीपी का स्थानांतरण कर दिया गया है, जबकि तीन नए अधिकारियों को डीसीपी के पद पर आगरा भेजा गया है। इसके साथ ही सहारनपुर से एएसपी मनोज कुमार यादव को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डीसीपी के पद पर तैनाती दी गई है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का गौतमबुद्ध नगर तबादला
आगरा में डीसीपी सिटी के पद पर तैनात सय्यद अली अब्बास का स्थानांतरण कर उन्हें डीसीपी गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है। वहीं डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार को आगरा से स्थानांतरित कर डीसीपी प्रयागराज के पद पर भेजा गया है।
इसके अलावा डीसीपी लाइन अतुल शर्मा का भी तबादला किया गया है। उन्हें पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय के पद पर तैनाती दी गई है।
आगरा को मिले तीन नए डीसीपी
फेरबदल के तहत आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तीन नए डीसीपी की तैनाती की गई है। ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को गोरखपुर से आगरा भेजा गया है। इसके साथ ही साद मिया खान को गौतमबुद्ध नगर से आगरा पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी के पद पर तैनात किया गया है।
वहीं हरेंद्र कुमार को आंबेडकर नगर से स्थानांतरित कर आगरा में डीसीपी बनाया गया है। हरेंद्र कुमार आंबेडकर नगर में एसपी पश्चिमी के पद पर तैनात थे।
मनोज कुमार यादव बने एडिशनल डीसीपी
अधिकारियों के तबादले के साथ आगरा पुलिस कमिश्नरेट को एक नया एडिशनल डीसीपी भी मिला है। सहारनपुर में एएसपी के पद पर तैनात मनोज कुमार यादव को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डीसीपी के पद पर तैनात किया गया है।
इस फेरबदल के बाद आगरा पुलिस कमिश्नरेट में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। नए अधिकारियों को किस जोन अथवा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस पर कमिश्नरेट स्तर से आगे आदेश जारी किए जा सकते हैं।