उत्तर प्रदेश के Agra के सदर थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में रविवार सुबह एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रमोद उपाध्याय के प्रमोद टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग लगने के बाद गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बिगड़ते देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओडी की दो गाड़ियां सबसे पहले मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था।
इसके बाद फायर विभाग की चार और गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छाया रहा और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
आग की चपेट में आने से टेंट हाउस का पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।