आगरा में शुक्रवार की शाम मौसम ने अचानक बड़ा बदलाव लिया, जब मौसम विभाग के अलर्ट के बाद तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक बदले मौसम ने जहां एक ओर लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत प्रदान की, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर समस्याएं भी पैदा कर दीं।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने की भी आशंका है , जिससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो सकती है। बिजली गुल होने से लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पडडेगा और दैनिक जीवन प्रभावित होगा।
विद्युत विभाग की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए देर रात तक फील्ड में रहकर लाइनों की जांच, फॉल्ट सुधार और मरम्मत कार्य शुरू किया। हालांकि, कई क्षेत्रों में लगातार काम के बावजूद आपूर्ति बहाल होने में समय लग सकता है।
विद्युत उपखंड अधिकारी शमसाबाद विकास नाथ तिवारी ने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए ग्रामीणों को पहले से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि आवश्यक कार्य जैसे पानी भरना, मोबाइल चार्ज करना और अन्य जरूरी तैयारी पहले से कर लें। साथ ही उन्होंने कहा कि इन्वर्टर और अन्य बैकअप सिस्टम को हमेशा तैयार रखना चाहिए ताकि आपात स्थिति में परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में लोगों को बिजली विभाग के कर्मचारियों का सहयोग करना चाहिए क्योंकि खराब मौसम में मरम्मत कार्य अत्यंत कठिन होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार आंधी-बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, जिससे बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है और ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।