आगरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की मां की शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति और ननद ने विवाहिता के कमरे और बाथरूम में हिडन कैमरे लगवाकर उसकी निजी वीडियो रिकॉर्डिंग की और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता की मां का कहना है कि उनकी बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को शमसाबाद रोड निवासी युवक से हुई थी। शादी के समय युवक की हैदराबाद स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी बताई गई थी और विवाह में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा 21 लाख रुपये नकद और कार की मांग लगातार की जा रही थी।
आरोप है कि पति और ननद ने मिलकर विवाहिता की निजी जिंदगी में दखल देते हुए कमरे और बाथरूम में कैमरे लगाए तथा रिकॉर्डिंग के जरिए मानसिक दबाव बनाया। पीड़िता को पति के मोबाइल फोन में कुछ ऐसे सबूत भी मिले, जिनमें उसके खिलाफ साजिश रचने की बातें सामने आईं। शिकायत में यह भी बताया गया कि 15 फरवरी 2026 को मारपीट के दौरान विवाहिता का गर्भपात हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू आगरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जाएगा। यह घटना न केवल घरेलू हिंसा बल्कि महिलाओं की निजता और सम्मान पर गंभीर हमला मानी जा रही है।
Follow: @nhpbharat
📲 Download NHP Bharat App on Play Store