आगरा के मलपुरा क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की चाकू और ईंट से बेरहमी से हत्या कर शव को गड्ढे में दबा दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से संपत्ति बंटवारे को लेकर रंजिश रखता था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
घटना बृहस्पतिवार रात की बताई जा रही है। मृतक अनीत उर्फ गणेशी यादव खेत पर बने बाड़े में सो रहा था, तभी छोटे भाई मनीष ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने शव को बिस्तर में लपेटकर बाइक से ले जाकर नहर किनारे गड्ढे में दबा दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि परिवार में जमीन बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।