NHP Bharat आगरा Published by: Shubham Chauhan 21 May 2026 03:05 PM IST
उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार चार लोगों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार नारायण दास जी महाराज निवासी वृंदावन अपने तीन अन्य साथियों के साथ कार से मथुरा से लखनऊ की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 7:20 बजे जब उनकी कार फतेहाबाद क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा 21 के पास पहुंची, तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की तेज लपटें उठने लगीं।
कार में आग लगते ही वाहन सवारों में हड़कंप मच गया। स्थिति को भांपते हुए सभी लोग तुरंत कार से बाहर निकल आए और सुरक्षित दूरी पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के चलते कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्राथमिक जांच में कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इंस्पेक्टर क्राइम राजवीर सिंह ने बताया कि सभी कार सवार सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है।
समय रहते कार सवारों के बाहर निकल आने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों में भी दहशत का माहौल देखा गया।