जैतपुर/आगरा। जैतपुर क्षेत्र के गढ़वार गांव में चकमार्ग पर हुए कथित अवैध कब्जे को राजस्व विभाग की टीम ने हटवाकर रास्ता खुलवा दिया। नायब तहसीलदार सुधीर गिरी के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से मार्ग को साफ कराया।
चकमार्ग को लेकर करीब 11 दिन पहले 29 अगस्त को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले में कार्रवाई शुरू की थी। विवाद के समाधान के लिए एसडीएम बाह के निर्देश पर राजस्व टीम गठित की गई थी।
29 अगस्त को चकमार्ग को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक गढ़वार गांव में चकमार्ग पर कब्जे को लेकर बलवीर सिंह तोमर और पूर्व प्रधान धर्म सिंह के पक्षों के बीच विवाद सामने आया था।
चकमार्ग को जोते जाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बनी। सूचना मिलने पर जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
ट्रैक्टर किया था सीज, तीन लोगों पर हुई थी कार्रवाई
पुलिस ने उस समय चकमार्ग को जोतने में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया था।
मामले में बलवीर सिंह के भतीजे मोहित, धर्म सिंह के बेटे हाकिम सिंह और संजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की थी।
SDM बाह को भेजी गई थी रिपोर्ट
चकमार्ग के विवाद का स्थायी समाधान कराने के लिए जैतपुर थाना प्रभारी की ओर से एसडीएम बाह विनोद कुमार को रिपोर्ट भेजी गई थी।
रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने नायब तहसीलदार सुधीर गिरी के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित कर चकमार्ग की स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
JCB और ट्रैक्टर से खुलवाया रास्ता
राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए चकमार्ग पर मौजूद कथित अवैध कब्जे को हटवाया। इसके बाद जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से रास्ते को साफ कर आवागमन के लिए खुलवाया गया।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद लंबे समय से विवाद का कारण बने चकमार्ग को साफ कराया गया है।